खतौनी की त्रुटियां मौके पर कराईं दुरुस्त
बाराबंकी। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील रामनगर में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, जॉइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मौके पर सुधारी गई खतौनी की त्रुटियां
समाधान दिवस के दौरान ग्राम देवकहा निवासी संजय कुमार ने न्यायालय के आदेश के बावजूद खतौनी में अमलदरामद दर्ज न होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित रजिस्ट्रार कानूनगो को बुलाकर अभिलेखों की जांच कराई और मौके पर ही आवश्यक प्रविष्टि दर्ज कर संशोधित खतौनी उपलब्ध कराई।
इसी प्रकार ग्राम गंगापुर निवासी पंकज सिंह ने खतौनी में गलत अंश दर्ज होने की शिकायत की। राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद मौके पर ही त्रुटि का संशोधन कर सही खतौनी उपलब्ध कराई गई।
मेड़बंदी एक सप्ताह में कराने के निर्देश
ग्राम किन्हौली निवासी राम कुमार ने न्यायालय के आदेश के बावजूद मेड़बंदी न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर मेड़बंदी कराकर प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने आवश्यक होने पर स्वयं मौके पर जाकर जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलेभर में 61 शिकायतों का मौके पर समाधान
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न तहसीलों में प्राप्त शिकायतों में से मौके पर निम्नलिखित मामलों का निस्तारण किया गया—
- नवाबगंज: 190 में से 20
- रामसनेहीघाट: 88 में से 14
- सिरौलीगौसपुर: 95 में से 4
- रामनगर: 143 में से 9
- फतेहपुर: 65 में से 10
- हैदरगढ़: 95 में से 4
इस प्रकार जिले की सभी तहसीलों में कुल 61 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।







