बलरामपुर घटना पर ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में बलरामपुर की घटना को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह मुस्लिम वोट बैंक के कारण इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बलरामपुर में हुई घटना पर अखिलेश यादव को खुलकर अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि घटना में यादव समाज के लोगों के साथ मारपीट हुई, लेकिन सपा नेतृत्व इस पर कुछ नहीं बोल रहा है।
ओपी राजभर ने अपने पोस्ट में सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर भी तंज कसते हुए विवादित टिप्पणी की। उन्होंने अखिलेश यादव से अपील की कि यदि किसी भी पक्ष की गलती है तो उसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार करें और स्पष्ट रुख रखें।
राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी वोट बैंक की राजनीति के कारण इस मामले पर खुलकर बयान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को जाति और धर्म से ऊपर उठकर कानून और न्याय के पक्ष में बोलना चाहिए।
हालांकि, इस मामले पर समाजवादी पार्टी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







