केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने दिलाई शपथ
प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रव्यापी अभियान से जुड़े विद्यार्थी व कर्मचारी, नुक्कड़ नाटक और लघु फिल्म से दिया जागरूकता का संदेश
अजमेर। राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. आनंद भालेराव के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा ‘माय भारत’ के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत देशभर के लगभग 28 हजार स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवा प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से जुड़े। विश्वविद्यालय परिसर में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ केवल अभियान नहीं, बल्कि विकसित भारत-2047 के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मादक पदार्थों के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने सेल्फी बूथ पर तस्वीरें खिंचवाईं और ‘नशा मुक्त भारत’ सिग्नेचर वॉल पर हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपना समर्थन भी दर्ज कराया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।







