Pakistan Blast News: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से से रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में आयोजित एक शांति मार्च के दौरान अचानक हुए विस्फोट ने अफरा-तफरी मचा दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हमले में कम से कम सात लोगों की जान चली गई, जबकि 18 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना स्वात जिले के कबाल क्षेत्र में हुई, जहां स्थानीय लोग इलाके में शांति बहाल करने की मांग को लेकर रैली निकाल रहे थे। यह मार्च स्वात अमन जिरगा की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
आत्मघाती हमले की आशंका, जांच जारी
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि घटना का तरीका आत्मघाती हमले से मिलता-जुलता दिखाई देता है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी हैं और विस्फोट की असली वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, इलाके की घेराबंदी
धमाके के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले
स्वात और खैबर पख्तूनख्वा के कई इलाकों में पिछले कुछ समय से सुरक्षा व्यवस्था चुनौती बनी हुई है। हाल ही में 26 जुलाई को बाजौर जिले में भी एक विस्फोट हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







