2027 चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान
बहराइच। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल रविवार को बहराइच दौरे पर पहुंचीं। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, भाजपा के साथ गठबंधन, राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगा। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है और इस पर उचित समय पर बातचीत होगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के हर बूथ तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करना है। कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि इस घटना से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है और कानून अपना काम कर रहा है।
संसद में इस मुद्दे को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन पर भी उन्होंने कहा कि कुछ घटनाओं से लोगों की भावनाएं प्रभावित हुई हैं और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए।
पेपर लीक के मुद्दे पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यह एक गंभीर समस्या है, लेकिन इसे किसी एक राजनीतिक दल से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।







