दुष्कर्म और ठगी का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
वाराणसी। कोतवाली थाना पुलिस ने खुद को भारतीय सेना का अधिकारी बताकर एक महिला से कथित तौर पर धोखाधड़ी, दुष्कर्म और रुपये ऐंठने के मामले में वांछित आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवभूषण शुक्ला उर्फ रोहित राणा (33) निवासी भदोही के रूप में हुई है, जो वर्तमान में दिल्ली के चिराग दिल्ली क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर वाराणसी की रहने वाली महिला से करीब सात वर्षों तक संपर्क बनाए रखा। इस दौरान उसने खुद को भारतीय सेना का अधिकारी बताकर महिला का विश्वास जीता और अलग-अलग बहाने बनाकर उससे रुपये लिए।
पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के अनुसार आरोपी ने अयोध्या में कथित तौर पर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि बाद में इसी घटना के आधार पर धमकाकर उसने कई बार महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
कोतवाली पुलिस की एसआईटी टीम पहले से दिल्ली में मौजूद थी। सूचना मिलने पर टीम ने चिराग दिल्ली स्थित हनुमान मंदिर पार्क के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।







