बिजली के खंभे से टकराई बाइक
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिरिया गांव में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में जलाभिषेक कर लौट रहे छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके चाचा घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दिबियापुर निवासी अनिरुद्ध प्रताप सिंह (20) पुत्र स्वर्गीय सुरजीत सिंह अपने चाचा विवेक (22) के साथ सावन के पहले सोमवार पर देवकली मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने बाइक से आए थे। दोनों कन्नौज जिले के श्रृंगीरामपुर से गंगाजल लेकर देवकली मंदिर पहुंचे थे और जलाभिषेक के बाद वापस दिबियापुर लौट रहे थे।
वापसी के दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र के बिरिया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में अनिरुद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि अनिरुद्ध अपनी मां का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।







