ड्रोन और CCTV से रही निगरानी
औरैया। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर बीहड़ांचल स्थित ऐतिहासिक देवकली मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते रहे। पूरे मंदिर परिसर में ‘बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित देवकली मंदिर में औरैया के अलावा जालौन, कानपुर, कानपुर देहात, इटावा, आगरा, कन्नौज सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भी भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई।
जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती स्वयं व्यवस्थाओं की पल-पल निगरानी करते रहे। श्रद्धालुओं ने निर्धारित कतारों में खड़े होकर शांतिपूर्वक भगवान शिव के दर्शन किए।
मंदिर परिसर में लगे मेले में श्रद्धालुओं ने दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी भी की। वहीं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए मंदिर से पहले निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को खड़ा कराया गया तथा यातायात पुलिस पूरे समय सक्रिय रही।







