मथुरा में महिला हत्याकांड का खुलासा:
मथुरा। मथुरा पुलिस ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए महिला की हत्या और लूट के मामले का खुलासा कर दिया है। थाना जैत पुलिस और सर्विलांस टीम ने मुख्य आरोपी विष्णु उर्फ लुक्का को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके माता-पिता समेत तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लूटे गए जेवरात, नकदी, आलाकत्ल और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27/28 जुलाई की रात ग्राम बाटी में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने का कार्य करने वाली एक महिला की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद घर से जेवरात, नकदी और चांदी का लॉकेट लूट लिया गया था। इस संबंध में थाना जैत में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि गांव का ही विष्णु उर्फ लुक्का पुत्र हरप्रसाद इस वारदात में शामिल था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पहले से भी गैंगरेप सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बाटी-मघेरा मार्ग की ओर जा रहा है। 2 अगस्त को घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए 100 शैय्या अस्पताल, वृंदावन में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में किया हत्या का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या और लूट की वारदात स्वीकार की। उसने बताया कि घटना की रात बारिश के कारण सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान वह घर में घुसा, महिला की हत्या कर जेवर और नकदी लूट ली। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए उसने खून से सने कपड़े धो दिए।
माता-पिता भी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के पिता हरप्रसाद (62 वर्ष) और उसकी मां को भी गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों ने लूटी गई नकदी और जेवरात छिपाने में आरोपी की मदद की। उनके कब्जे से आलाकत्ल चाकू, रक्तरंजित कपड़े, लूटे गए जेवरात तथा सफेद धातु का श्यामजी का लॉकेट बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, वादी और उसके पुत्र ने बरामद सामान की पहचान कर ली है।
पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






