उचौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुरुद्वारे के पास कांवरियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 30 कांवरिये घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि डबल डेकर बस में करीब 73 कांवरिये सवार थे, जो बिहार से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। श्रद्धालु गंगाजल लेकर अयोध्या की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उचौलिया थाना क्षेत्र में गुरुद्वारे के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
एक श्रद्धालु की मौत, कई घायल
हादसे में हरिशंकर लाल यादव की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं करीब 30 कांवरिये घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कई श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।






















