श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें भूमि विवाद, अवैध कब्जे समेत अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।
एक-एक शिकायत सुनकर दिए निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
मौके पर जाकर समस्या का समाधान करने के निर्देश
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें। जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और फरियादी की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
फरियादियों को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसी फरियादी को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। संबंधित अधिकारी समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए शिकायत का समाधान सुनिश्चित करें और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण करें। जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
Report: मनीष श्रीवास्तव






















