औरैया। सहायल थाना क्षेत्र के पुरवा कन्हई गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं में तीन दिन से लापता 23 वर्षीय युवती का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान संध्या पुत्री वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक संध्या 19 अगस्त की शाम करीब चार बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। इससे पहले वह सुबह अपने भाई बालमुकुंद के साथ चिचैली जिला अस्पताल दवा लेने गई थी और दोपहर करीब दो बजे घर लौट आई थी। शाम को उसके गायब होने के बाद परिवार ने रिश्तेदारियों के अलावा दिबियापुर स्टेशन और आसपास के कई स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 21 अगस्त को पिता वीरेंद्र ने सहायल थाने पहुंचकर पुलिस को बेटी के लापता होने की जानकारी दी।
शनिवार सुबह रोज की तरह वीरेंद्र खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर घर के पास स्थित कुएं की तरफ गई। कुएं में शव दिखाई देने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाया। जब वीरेंद्र ने शव की पहचान अपनी बेटी संध्या के रूप में की तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। संध्या दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी औरैया और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। परिजनों के अनुसार संध्या पिछले कुछ दिनों से दांत के दर्द से परेशान थी और उसका इलाज चल रहा था। हालांकि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





















