बाराबंकी। घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर से सूरतगंज क्षेत्र के हेतमापुर धाम और आसपास के गांवों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। शनिवार को स्थिति का जायजा लेने के लिए सांसद तनुज पुनिया और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें राहत सामग्री के पैकेट वितरित किए। मौके पर मौजूद एसडीएम रामनगर, तहसीलदार रामनगर और बाढ़ कार्यखंड के अधिशासी अभियंता को सांसद ने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल और रहने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर बाढ़ से हुए जन-धन के नुकसान की जानकारी भी ली।
सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि हेतमापुर धाम और आसपास के क्षेत्रों में पैदा हुई स्थिति विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही, विफलता और भ्रष्टाचार को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को लेकर शासन को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की जाएगी। जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि हेतमापुर धाम के पास घाघरा नदी का रौद्र रूप देखकर आसपास के सैकड़ों परिवार भयभीत हैं। प्रचंड बाढ़ के कारण क्षेत्र के धार्मिक स्थल भी प्रभावित हुए हैं। ऐसे में प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ प्रभावित लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख सिरौलीगौसपुर रेनू वर्मा, वीरेंद्र प्रताप यादव, मो. इजहार सिद्दीकी, मो. आदर्श पटेल, आफाक अली, विजयपाल गौतम, राम हरख रावत, आरडी राव, सुरेंद्र वर्मा, धनंजय सिंह, सद्दाम हुसैन, शिव देवी वर्मा, पठानी अहमद, राहिल सभासद, अनुराग यादव, अजय रावत, जियाउर्ररहमान खान, मो. हारून प्रधान, तरुण चावला, पंकज यादव, रितेश रावत, धर्मेंद्र रावत, राजू, सना मुही नसीर खान, जसवंत यादव, जितेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, मो. जीशान, अवनीश चौधरी, अभय गौतम आदि मौजूद रहे।




















