श्रावस्ती में एनीमिया और कुपोषण जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर कटरा स्थित होटल ट्यूलिप इन में यूनिसेफ, एम्स गोरखपुर और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें स्वास्थ्य, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार और बेसिक शिक्षा विभाग के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला में जिले में एनीमिया और कुपोषण प्रबंधन को लेकर चलाए जा रहे कार्यक्रमों और अब तक की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न स्तरों पर किए जा रहे प्रयासों, प्रमुख उपलब्धियों और कार्यक्रम के दौरान सामने आई सीख को साझा किया। साथ ही आने वाले समय में योजनाओं को और प्रभावी बनाने के लिए जरूरी रणनीति पर भी मंथन किया गया।
कार्यशाला के दौरान बताया गया कि एनीमिया एवं कुपोषण प्रबंधन के क्षेत्र में श्रावस्ती में किए जा रहे प्रयासों को बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम की गुणवत्ता को आगे भी इसी तरह बनाए रखने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कार्यशाला के समापन पर जिला प्रशासन ने एनीमिया और कुपोषण के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों में यूनिसेफ और एम्स गोरखपुर से लगातार सहयोग बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर प्रयासों के जरिए बच्चों, महिलाओं और अन्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।





















