अयोध्या के आशा भगवान बक्श सिंह महाविद्यालय में सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित रोजगार मेले में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। मेले में कुल 13,632 युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से 7,984 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया। युवाओं को एक ही मंच पर अलग-अलग क्षेत्रों में नौकरी के अवसर तलाशने और अपनी योग्यता दिखाने का मौका मिला।
रोजगार मेले में अशोक लीलैंड, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट, आईसीआईसीआई, वर्धमान, टीवीएस इलेक्ट्रॉनिक्स, अमेजन और अरविंद कॉटन मिल्स समेत करीब 90 बहुराष्ट्रीय और प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे। लगभग 130 प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लिया। कंपनियों के लिए अलग-अलग पंडाल बनाए गए थे, जिससे युवाओं को संबंधित कंपनी तक पहुंचने में आसानी हुई।
गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने रोजगार और कौशल विकास को युवाओं की प्रमुख जरूरत बताया, जबकि जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी उनके रोजगार के प्रति उत्साह को दर्शाती है। कंपनियों की मौजूदगी से अभ्यर्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विकल्प तलाशने का अवसर मिला।
सहायक निदेशक सेवायोजन अयोध्या मंडल देवव्रत कुमार ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे से ही युवा मेला स्थल पर पहुंचने लगे थे और चयन प्रक्रिया शाम चार बजे तक चली। रोजगार मेले के आयोजन में पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, परमानंद मिश्र, दीपेन्द्र सिंह, देवता पटेल, शम्भूनाथ सिंह दीपू, गिरीश पाण्डेय डिप्पुल, स्वाती सिंह समेत सेवायोजन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही। बड़ी संख्या में चयन होने से रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह मेला एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।





















