श्रावस्ती में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड गिलौला के ब्लॉक सभागार परिसर में श्रम विभाग की ओर से जागरूकता कैंप लगाया गया। कैंप में बड़ी संख्या में श्रमिक और आम लोग पहुंचे। विभागीय कर्मचारियों ने श्रमिकों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी दी।
कैंप में कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप शर्मा और गोकुल प्रसाद ने श्रमिकों को पंजीयन और नवीनीकरण की प्रक्रिया समझाई। इसके साथ ही पंजीयन के बाद संबंधित योजनाओं में आवेदन करने के तरीके की भी जानकारी दी गई। श्रमिकों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई।
इस दौरान श्रमिकों को शिशु मातृत्व एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना और अटल आवासीय विद्यालय योजना समेत श्रम विभाग की अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया। इसके अलावा असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड की योजनाओं, ई-श्रम कार्ड और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की जानकारी भी दी गई।
श्रम विभाग के अनुसार यह जागरूकता कैंप पूरे सप्ताह तक चलेगा, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें और पात्र होने पर उनका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। कैंप के दौरान बड़ी संख्या में आम जनमानस की मौजूदगी रही।





















