अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय सराफा कारोबारी सूरज सोनी की मौत हो गई। हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र में नवीन मंडी चौकी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सूरज बाइक से घर की ओर जा रहे थे और सड़क पर मुड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार खाद लदे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सूरज बाइक से गिरकर ट्रक के निचले हिस्से में फंस गए। ट्रक उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटता चला गया। इसी दौरान उनका सिर ट्रक के पहिये की चपेट में आ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा रायबरेली मार्ग पर अंडरपास से करीब 400 मीटर आगे हुआ। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व राहगीर मौके पर जुट गए।
युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के बाद मौके से निकल रहे ट्रक को घेर लिया। भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगाने का प्रयास भी किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजन और ग्रामीण शव को सड़क से उठाने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद लोगों ने हाईवे पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद शाम करीब छह बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी के मुताबिक, हादसे में शामिल ट्रक के चालक हरिश्चंद्र, निवासी पूरा बाजार, को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















