औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। इटैली चौकी क्षेत्र के नगला धुंधे गांव के सामने सड़क किनारे खड़े डंपर में तेज रफ्तार दूसरा डंपर पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक व कंडक्टर अंदर फंस गए।
हादसा रात करीब एक बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 277.1 पर हुआ। पीछे से टक्कर मारने वाले डंपर के चालक नगला बले निवासी अनुज यादव (35) पुत्र रामनिवास और कंडक्टर मोनू (30) पुत्र जयभान केबिन में फंस गए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक चालक अनुज यादव की मौत हो चुकी थी, जबकि घायल कंडक्टर मोनू को सीएचसी भरथना में भर्ती कराया गया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद यूपीडा के सीएसओ विजय सिंह, थाना प्रभारी सुरेशचंद्र सिंह और चौकी प्रभारी विपिन पाल भी मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को सड़क से हटाकर किनारे कराया गया। इसके बाद पुलिस ने मृत चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल कंडक्टर का अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और यातायात को सामान्य कराया। देर रात हुए इस हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, वहीं घायल कंडक्टर के इलाज के साथ पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





















