सुल्तानपुर के बल्दीराय क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उस समय यात्रियों में हड़कंप मच गया, जब महुली के पास किलोमीटर 91.6 पर दिल्ली से पटना जा रही बस का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद बस के अनियंत्रित होने की स्थिति बन गई। हालांकि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस में कुल 14 यात्री सवार थे। बस का नंबर AR 20 B 0920 बताया जा रहा है। अचानक टायर फटने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई और सभी को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया।
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए बस मालिक आनंद अग्रवाल की ओर से तत्काल दूसरी बस की व्यवस्था की गई। वैकल्पिक बस का नंबर AR 01 W 3500 बताया गया है। इसी बस से सभी 14 यात्रियों को उनके गंतव्य पटना की ओर आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।
दूसरी बस की समय पर व्यवस्था होने से यात्रियों की यात्रा ज्यादा प्रभावित नहीं हुई। घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल सभी 14 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। अचानक टायर फटने की घटना ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर वाहनों की सुरक्षा और समय-समय पर उनकी जांच की जरूरत को सामने ला दिया है।





















