श्रावस्ती में कोविड महामारी के दौरान विभिन्न माध्यमों से स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले कर्मियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर कोविड-19, ईसीआरपी-01 और अन्य वित्तीय स्रोतों के जरिए कार्यरत रहे अस्थायी, अल्पकालिक, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के दस्तावेजों का जिला स्तरीय समिति द्वारा सत्यापन किया जाना है।
सीएमओ के अनुसार, ऐसे कोविड कर्मी जो किसी कारणवश अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम पर पंजीकृत नहीं हो पाए थे, उन्हें सत्यापन के लिए बुलाया गया है। संबंधित कर्मियों को 23 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे विकास भवन कार्यालय सभागार में स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
सत्यापन के लिए कर्मियों को सभी मूल शैक्षिक अभिलेख, दो पासपोर्ट साइज फोटो, मूल आधार कार्ड और पैन कार्ड साथ लाना होगा। इसके अलावा संबंधित अवधि का बैंक द्वारा प्रमाणित बैंक स्टेटमेंट, कोविड-19 के दौरान विभाग या आउटसोर्स एजेंसी की ओर से जारी नियुक्ति पत्र और सक्षम अधिकारी की ओर से जारी अनुभव प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी दो स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लाना अनिवार्य है। दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर शासन के निर्देशानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग ने संबंधित कोविड कर्मियों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है।





















