श्रावस्ती में युवाओं को अपनी प्रतिभा और व्यावसायिक कौशल को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार (MSDE) की ओर से आयोजित भारत कौशल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
भारत कौशल प्रतियोगिता युवाओं को अपने तकनीकी और व्यावसायिक कौशल का प्रदर्शन करने के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करती है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उन्नत प्रशिक्षण और मूल्यांकन का अवसर मिलेगा। वहीं, योग्य प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका भी मिल सकता है।
इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 63 कौशल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें उन्नत विनिर्माण, निर्माण, डिजिटल तकनीक, इंजीनियरिंग, आतिथ्य, परिवहन और रचनात्मक उद्योग समेत कई क्षेत्र शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित प्रक्रिया के तहत जिला, राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को अलग-अलग स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिले के सभी आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कौशल प्रशिक्षण संस्थानों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों से प्रतिभावान युवाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी Skill India Digital Hub (SIDH) के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कर इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने कौशल के जरिए श्रावस्ती का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।





















