बहराइच के मोतीपुर-मिहींपुरवा क्षेत्र स्थित कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में वन विभाग की टीम ने अवैध शिकार के कथित प्रयास को विफल करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई सटीक सूचना के आधार पर बिछिया बीट के कंपार्टमेंट संख्या 5ए में की गई। टीम ने मौके से चीतल का ताजा मांस और शिकार में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
वन विभाग के मुताबिक, संरक्षित वन क्षेत्र में शिकार की सूचना मिलने के बाद विशेष टीम ने जंगल में घेराबंदी की थी। संदिग्धों के दिखाई देने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया। उसके कब्जे से चीतल का मांस, वन्यजीवों को फंसाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तार के फंदे, एक चाकू और एक साइकिल बरामद की गई।
इसी दौरान एक अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे वनकर्मियों ने कुछ दूरी पर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश पुत्र किशुनलाल निवासी टेढ़ीहा, ग्रामसभा चहलवा, थाना सुजौली और राजेश पोरवाल पुत्र मनोहर लाल निवासी चफरिया बाजार, थाना सुजौली, बहराइच के रूप में हुई है। विभाग ने दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वन्यजीव अपराध दर्ज किया है।
वन विभाग के अनुसार, दोनों आरोपियों को 19 सितंबर 2026 को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। विभाग ने कहा है कि वन्यजीव अपराधों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत संरक्षित वन क्षेत्रों में गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी।





















