बहराइच के रुपईडीहा में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ आपसी सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देने की पहल देखने को मिली। यहां सशस्त्र सीमा बल (SSB) और नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (APF) के बीच मैत्री वॉलीबॉल मुकाबले का आयोजन किया गया। दोनों देशों के जवानों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मैच में हिस्सा लिया।
मैत्री मुकाबले में 42वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट जीसी पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। नेपाल APF के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। दोनों देशों के अधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और मुकाबले का आनंद लिया। इस दौरान सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी सम्मान का माहौल नजर आया।
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार सर्विस, स्मैश और डिफेंस का प्रदर्शन किया। मुकाबला रोमांचक रहा और खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी टीम को बढ़त दिलाने के लिए पूरा जोर लगाया। खेल के दौरान प्रतिस्पर्धा के साथ दोनों देशों के जवानों के बीच मित्रता और भाईचारे की भावना भी देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मैत्रीपूर्ण आयोजन सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास और समन्वय को मजबूत करने में मदद करते हैं। मैच के समापन पर दोनों देशों के अधिकारियों और खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। आयोजन ने भारत-नेपाल सीमा पर सहयोग, सद्भाव और मित्रता का संदेश दिया।





















