बहराइच: विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के अमकोलवा गांव में खेत गई एक महिला और उसके तीन बच्चों पर सियार ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में मां समेत चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान 10 वर्षीय माधुरी, 7 वर्षीय दीपक और 15 वर्षीय अंजनी के रूप में हुई है। बताया गया कि बच्चे अपनी मां 35 वर्षीय सुनीता देवी के साथ खेत गए थे। इसी दौरान सियार ने बच्चों पर झपट्टा मार दिया। बच्चों को बचाने के लिए आगे आईं सुनीता देवी पर भी सियार ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। सुनीता देवी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर कर दिया। वहीं, बच्चों का भी उपचार कराया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में सियार के हमले को लेकर चिंता बनी हुई है। फिलहाल घायल परिवार के इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है। घटना के संबंध में वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार है।





















