अलीपुर बाजार: अलीपुर बाजार के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस घटना के बाद बेसहारा हुई बेटियों से मिलने क्षेत्र के समाजसेवी वेद प्रकाश उर्फ राजू भैया उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
बताया गया कि हादसे के समय वेद प्रकाश निजी कार्य से बाहर थे। वापस लौटते ही उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलने में देर नहीं की। बेटियों की स्थिति देखकर उन्होंने उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में उन्हें खुद को अकेला समझने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बेटियों के सिर पर पिता की तरह हाथ रखते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वेद प्रकाश उर्फ राजू भैया ने कहा कि एक पिता और अभिभावक के रूप में वह हमेशा इन बेटियों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि बेटियों के जीवन में फिर से उम्मीद जगाना और उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाने में सहयोग करना उनके लिए सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ व्यक्तिगत दायित्व भी है। उनके इस भावुक आश्वासन ने परिवार को कठिन समय में कुछ संबल देने का काम किया।
वहीं, राजू भैया के इस कदम की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। उन्होंने दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार का साथ देने वाले सभी संवेदनशील लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संकट के समय एक-दूसरे का हाथ थामना और जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवीयता है। उनके इस संवेदनशील प्रयास को स्थानीय लोगों ने मानवीय सहयोग की मिसाल बताया।





















