अयोध्या: बीकापुर में आयोजित बसपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी 2007 की तर्ज पर बड़ी संख्या में सीटें जीतकर सरकार बनाने का प्रयास करेगी। 2027 में बसपा की सरकार बनाने का दावा विश्वनाथ पाल पहले भी अलग-अलग पार्टी कार्यक्रमों में कर चुके हैं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विश्वनाथ पाल ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में करीब 8 से 10 हजार लोग शामिल हुए। इस दौरान मंच से शंखनाद भी किया गया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय रहने की बात कही।
विश्वनाथ पाल ने मिल्कीपुर उपचुनाव का जिक्र करते हुए आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी के प्रदर्शन पर सवाल उठाया। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के पीडीए फार्मूले को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने संविधान को लेकर विपक्षी दलों की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बसपा की सरकार बनने पर बाबा साहब के संविधान को पूरी ईमानदारी के साथ लागू किया जाएगा।
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन बसपा के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के संभावित प्रत्याशी और पूर्व विधायक जितेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ बब्लू सिंह की ओर से किया गया। बीकापुर में बसपा की गतिविधियां हाल के महीनों में तेज हुई हैं और पार्टी 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ता सम्मेलनों तथा संगठनात्मक बैठकों के जरिए तैयारियों पर जोर दे रही है।





















