गोंडा के कौड़िया थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग विवादों में दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए यह निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया।
पहला मामला ई-रिक्शा को रास्ते पर खड़ा कर चार्ज करने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, अफजल और जयजय राम पक्ष के बीच इस बात को लेकर कहासुनी हुई और स्थिति विवाद तक पहुंच गई। दोनों पक्षों के आपस में आमादा फौजदारी होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया।
दूसरा मामला पुश्तैनी मकान की कब्जेदारी को लेकर चल रहे विवाद का है। पुलिस के अनुसार, शिवकुमार आदि और रवि मिश्रा आदि के बीच मकान पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से विवाद बढ़ने की स्थिति बनी और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके से दूसरे पक्ष के लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में किसी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना बताया गया है। कौड़िया थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के लिए रवाना कर दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।





















