लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार युवक के मामले में उसके छोटे भाई ने वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हादसे में युवक को सिर, पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजनौर स्थित सीआरपीएफ कैंप निवासी दुर्गेश मिश्रा के मुताबिक उनके बड़े भाई स्वदेश मिश्रा 8 सितंबर की दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे बुलेट मोटरसाइकिल से गौरी-बिजनौर रोड स्थित भंडारी पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। आरोप है कि आर्यकुल कॉलेज मोड़ के पास पीछे से आए पिकअप वाहन संख्या यूपी32 टीटी5502 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्वदेश सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। उनके सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन उन्हें निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
दुर्गेश मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है और उसके नशे में होने की आशंका भी जताई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस फरार चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।





















