बहराइच के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक युवक को 51 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, 2485 नेपाली रुपये और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। कार्रवाई 20 सितंबर की रात सीमा क्षेत्र में की गई।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई थी। रुपईडीहा प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत की सीमा में करीब 50 मीटर अंदर एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 51 ग्राम स्मैक, वीवो वी-60ई मोबाइल फोन, 2485 नेपाली रुपये और बाइक संख्या UP40AY7831 बरामद हुई। पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान नानपारा के बेलदारन टोला, वार्ड नंबर 20 निवासी मुकीम अहमद पुत्र मसीर अहमद, उम्र करीब 34 वर्ष, के रूप में की है। बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रुपईडीहा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय बहराइच भेज दिया गया। पुलिस और एसएसबी की इस संयुक्त कार्रवाई को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है।





















