वाराणसी में 7 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन, भ्रमण और प्रस्थान को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने 15 स्थानों पर यातायात रोक और डायवर्जन को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और बेहद जरूरी होने पर ही वाहन लेकर निकलें।
एडवाइजरी के मुताबिक सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक हरहुआ ओवरब्रिज के शुरुआती छोर पर बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज और निजी बसों को ओवरब्रिज पर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें हरहुआ रिंग रोड चौराहा से परमपुर की ओर भेजा जाएगा। जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसों को हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहा तक आने दिया जाएगा, जहां से उन्हें परमपुर, लोहता और चांदपुर चौराहा होते हुए वापस भेजा जाएगा। वहीं मोहनसराय अंडरपास और चांदपुर चौराहे की ओर से आने वाले चार पहिया व बड़े वाहनों के लिए भी जरूरत के अनुसार मार्ग बदले जाएंगे।
शहर के कई हिस्सों में ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन भी जरूरत के अनुसार रोका जाएगा। पुलिस लाइन से चौकाघाट, तेलियाबाग, मलदहिया से सिगरा, भिखारीपुर से लहरतारा और चांदपुर चौराहा तक तथा शाम चार बजे से लकड़ीमंडी, चौकाघाट से लहुराबीर और मैदागिन से विश्वेश्वरगंज तक ऑटो-ई-रिक्शा के आवागमन पर रोक रहेगी। शाम चार बजे से राजघाट पुल-सूजाबाद की ओर से मालवाहक वाहनों का संचालन भी बंद रहेगा। विश्वेश्वरगंज तिराहे से चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने के बजाय गोलगड्डा की ओर भेजा जाएगा।
अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन और प्रस्थान के दौरान मैदागिन से गोदौलिया के बीच सभी वाहनों का आवागमन रोका जाएगा। इसके अलावा सिगरा, रथयात्रा, साजन, आकाशवाणी, महमूरगंज, मंडुवाडीह और ककरमत्ता समेत कई मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने और निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। यातायात कंट्रोल रूम के लिए 7839856994 और हेल्पलाइन नंबर 7317202020 जारी किया गया है।





















