अयोध्या में अपने जन्मदिन के अवसर पर श्री हनुमानगढ़ी और श्री राम जन्मभूमि के दर्शन करने पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के नेतृत्व में पूरी सक्रियता के साथ काम करें और राष्ट्रीय नेतृत्व को मजबूती देने के साथ आगामी चुनाव में पार्टी का परचम लहराने के लिए जुट जाएं।
अयोध्या की सीमा पर इलाहाबाद रोड स्थित विश्वविद्यालय चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। इस दौरान अजय राय ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से होती है और सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी को मजबूत करने के साथ राहुल गांधी के नेतृत्व को मजबूती देने के लिए काम करना चाहिए।
अजय राय ने कहा कि गठबंधन को लेकर फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व पर छोड़ा जाना चाहिए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पूरी तैयारी के साथ जुटना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज व्यक्तिगत हित से ज्यादा राष्ट्र और देश की बात है और कांग्रेस को मजबूत करना सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण मिश्रा ने बताया कि अजय राय ने अयोध्या में श्री हनुमानगढ़ी और श्री राम जन्मभूमि के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद त्रयंब इन होटल में डॉ. वीडी शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया। इस दौरान जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, रामदास वर्मा, पीसीसी सदस्य महेश वर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





















