अयोध्या के सहादतगंज स्थित पार्टी कार्यालय में महानगर की जिला बैठक आयोजित की गई। बैठक में महानगर प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह ने संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद होने वाली बूथ बैठकें केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इनमें कार्यकर्ताओं के साथ समाज के सक्रिय और प्रभावशाली लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
शिवभूषण सिंह ने निर्देश दिया कि बूथ बैठकों में पहली बार शामिल होने वाले लोगों की सूची तैयार की जाए और अगली बैठक में उनसे संपर्क कर उनकी भागीदारी बनाए रखने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों को भी बैठकों में आमंत्रित किया जाए, ताकि वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुन सकें। उनके मुताबिक, सामूहिक सहभागिता से संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक में प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का अनिवार्य रूप से वाचन करने और उसकी समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया। शिवभूषण सिंह ने कहा कि यह देखा जाए कि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित तो नहीं है। इसके अलावा रक्तदान और स्वच्छता अभियान जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई गई। उन्होंने बूथ समितियों में निष्क्रिय सदस्यों को चिह्नित कर उनकी सूची महानगर पदाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आपसी समन्वय और जनसहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बूथ बैठकों को नियमित और प्रभावी बनाने की अपील की। बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री कांशीराम, महामंत्री परमानंद मिश्र, तिलकराम मौर्य, अरविंद सिंह, बालकृष्ण वैश्य, जेपी श्रीवास्तव, हरभजन गौड़, रीना द्विवेदी, रवि शर्मा, शशि प्रताप सिंह, शिवम शुक्ला, स्वाती सिंह, प्रवीण दुबे, प्रदीप यादव, सर्वज्ञ सिंह सहित मंडल अध्यक्ष मुकेश तिवारी, रवि सोनकर, हेमंत जायसवाल और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





















