अयोध्या के देवकाली स्थित रघुकुल सदन में महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रसेन महाराज की प्रतिमा स्थापित कर समारोहपूर्वक लोकार्पण किया गया। अग्रवाल भवन ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल, ट्रस्ट अध्यक्ष आशीष अग्रवाल और अग्रवाल समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। ट्रस्ट के महामंत्री अरुण कुमार अग्रवाल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन की 5180वीं जयंती के अवसर पर यह प्रतिमा स्थापित की गई है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चारू चौधरी ने कहा कि रघुकुल सदन में आकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने समाज की ओर से किए जा रहे सकारात्मक कार्यों की सराहना की। वहीं, पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल ने महाराजा अग्रसेन के सामाजिक समरसता और समाजवाद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भी समाज को इन्हीं मूल्यों की जरूरत है। उन्होंने संपन्न वर्ग से जरूरतमंद परिवारों की सहायता को प्राथमिकता देने की अपील की।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का लोकार्पण गर्व का विषय है। उन्होंने अग्रवाल भवन ट्रस्ट की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। इनमें जिला महिला चिकित्सालय में बच्चों के लिए जीवनरक्षक मशीन उपलब्ध कराना, दिव्यांगों को कृत्रिम अंग देना, श्रीराम अस्पताल में सेवा संसाधन उपलब्ध कराना, श्रद्धालुओं के लिए वाटर कूलर लगवाना, छात्रवृत्ति देना और विधवा सहायता जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रस्ट के माध्यम से विधायक निधि के सहयोग से शव वाहन उपलब्ध कराने की योजना है।
महाराजा अग्रसेन जयंती पर आयोजित पूजन और आरती में अग्रवाल समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में संजीव गोयल, मुकेश अग्रवाल, अमित केडिया, डॉ. मनीष अग्रवाल, आशीष गर्ग, महेश अग्रवाल, भागीरथ पचेरीवाला, बलराम दास अग्रवाल, मानिक चंद अग्रवाल, सजन कुमार अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल, महेंद्र शर्मा और अनुराग अग्रवाल सहित समाज की महिलाएं और अन्य सदस्य मौजूद रहे।





















