अयोध्या में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए जिले में 15 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर शशांक त्रिपाठी ने केंद्रों की जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षक मतदाता अपने निर्धारित क्षेत्र के मतदेय स्थल पर ही मतदान कर सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगर निगम क्षेत्र तक मतदाताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में सोहावल, मसौधा, मिल्कीपुर, अमानीगंज, हरिंग्टनगंज, बीकापुर, तारुन, पूराबाजार, मयाबाजार, रुदौली और मवई के क्षेत्र पंचायत कार्यालयों को मतदान केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर संबंधित विकासखंड के शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके साथ ही खिरौनी (सुचित्तागंज), भदरसा, कुमारगंज, बीकापुर, गोसाईगंज, रुदौली और मां कामाख्या नगर पंचायत क्षेत्रों के मतदाताओं को भी निर्धारित केंद्रों से जोड़ा गया है।
नगर निगम क्षेत्र में चार मतदेय स्थल
अयोध्या नगर निगम क्षेत्र के शिक्षक मतदाताओं के लिए चार केंद्र तय किए गए हैं। इनमें मतदेय स्थल संख्या 147 नगर निगम कार्यालय भवन फैजाबाद, 148 मनोहर लाल मोतीलाल इंटर कॉलेज रिकाबगंज, 149 बापू बालिका इंटर कॉलेज फैजाबाद और 150 नगर निगम कार्यालय भवन अयोध्या शामिल हैं। इन केंद्रों पर नगर निगम के अलग-अलग वार्डों के शिक्षक मतदाता निर्धारित व्यवस्था के अनुसार मतदान करेंगे।
मतदेय स्थल संख्या 147 पर पुरुषोत्तम नगर, झलकारी बाई, अवैद्यनाथ, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और चौधरी चरण सिंह सहित 15 वार्डों के मतदाता शामिल हैं। केंद्र संख्या 148 पर सरदार भगत सिंह, चित्रगुप्त नगर, निषाद राज नगर, अंबेडकर नगर और मंगल पांडेय सहित 17 वार्डों के शिक्षक मतदाता मतदान करेंगे। वहीं, केंद्र संख्या 149 पर आचार्य नरेंद्र देव, पंडित दीनदयाल नगर, सरदार पटेल नगर, अटल नगर और बड़ी देवकाली सहित 15 वार्डों के मतदाता शामिल हैं।
मतदेय स्थल संख्या 150 पर अभिराम दास, दर्शननगर, परमहंस रामचंद्र दास, वशिष्ठ कुंड, सीता कुंड और देवकाली सहित 12 वार्डों के शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि मतदेय स्थलों का निर्धारण संबंधित क्षेत्रों के आधार पर किया गया है। ऐसे में शिक्षक मतदाताओं को मतदान के लिए अपने निर्धारित केंद्र पर ही पहुंचना होगा।





















