औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर गांव में सोमवार देर रात एक युवक का शव गांव के बाहर खेत में आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मंगलवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच-पड़ताल की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
फूलपुर निवासी प्रमोद कुमार (36) पुत्र राम सिंह शटरिंग का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी संगीता देवी और दो बेटे शिवा (13) व देव (10) हैं। परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम खाना खाने के बाद प्रमोद कमरे में सोने चले गए थे। देर रात वह घर से निकल गए। इसके बाद गांव के बाहर जंगबहादुर मिश्र के खेत में खड़े आम के पेड़ पर उनका शव दुपट्टे के सहारे लटका मिला। हालांकि, युवक के घर से निकलने और मौत की परिस्थितियों को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर अनंतराम चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। प्रमोद तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके बड़े भाई विनोद गांव में मजदूरी करते हैं, जबकि छोटा भाई मान कुमार बाहर रहकर मजदूरी करता है। घटना के बाद पिता राम सिंह, मां और भाइयों समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रमोद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी संगीता देवी और दोनों बच्चों के भरण-पोषण की चिंता भी परिजनों के सामने खड़ी हो गई है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





















