चंदौली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को मतदान पार्टियां चंदौली कलेक्ट्रेट परिसर से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
मतदान पार्टियों की रवानगी के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन कार्य में पूरी सतर्कता बरतने और सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक सावधानी बरतने पर जोर दिया, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की समस्या न आए।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियों पर निगरानी रखी जा रही है।





















