सुल्तानपुर। कादीपुर क्षेत्र की एक युवती ने आगरा के एक युवक और उसके रिश्तेदार पर निजी तस्वीरों व वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे 12 लाख रुपये ले लिए। अब उससे 15 लाख रुपये और मांगे जा रहे हैं।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने निजी तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर युवती पर रकम देने का दबाव बनाया। पीड़िता का दावा है कि पहले आरटीजीएस के माध्यम से 12 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद भी कथित तौर पर पैसों की मांग जारी रही।
युवती ने मामले की शिकायत कादीपुर पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
कादीपुर थानाध्यक्ष दीपेंद्र विक्रम सिंह ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





















