लखनऊ। सरोजनीनगर के दरोगाखेड़ा स्थित उत्तर प्रदेश राज्य फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान (यूपीएसआईएफएस) में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक और एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने संस्थान परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कॉन्फ्रेंस हॉल समेत परिसर के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखने और निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखना है।
संस्थान में 23 से 25 अक्टूबर तक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न देशों और राज्यों के विषय विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे और सामूहिक परिचर्चा के माध्यम से संबंधित विषयों के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
कार्यक्रम के तहत 24 अक्टूबर को सम्मेलन के विशिष्ट सत्र का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है। अधिकारियों ने संबंधित टीमों को सुरक्षा से जुड़ी तैयारियां समय से पूरी करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





















