हाजीपुर। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर विशेष अभियान-6 के तहत गुरुवार को पूर्व मध्य रेल के सभी स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके माध्यम से रेल अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, अपेक्षाएं, यात्रा संबंधी अनुभव और सुझाव जाने। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं में सुधार करना और रेल सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, प्रधान विभागाध्यक्षों सहित मुख्यालय और विभिन्न मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों—दानापुर, सोनपुर, समस्तीपुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और धनबाद—के सभी स्टेशनों पर अधिकारियों और रेलकर्मियों ने यात्रियों से संवाद किया। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंचकर सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया।
स्वच्छता, पेयजल और यात्री सुविधाओं पर चर्चा
रेल जन संवाद के दौरान यात्रियों से स्टेशन की साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रतीक्षालयों की स्थिति और प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सुविधाओं को लेकर सुझाव मांगे गए। रेलवे बोर्ड की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप शिकायतों और सुझावों को दर्ज करने तथा उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। त्वरित समाधान वाले मामलों, संबंधित विभागों के समन्वय से निपटाए जाने वाले मुद्दों और उच्च स्तर पर विचार किए जाने वाले विषयों को अलग-अलग चिह्नित करने की व्यवस्था भी की गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से मिले फीडबैक और उस पर की जाने वाली कार्रवाई का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। यात्रियों ने अधिकारियों की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके सुझावों पर अमल होने से स्टेशनों की सुविधाओं और रेल यात्रा के अनुभव में सुधार होगा। पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने यात्री सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार करने की प्रतिबद्धता जताई।





















