अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार, 24 अक्टूबर को अयोध्या प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह श्रीरामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। उनके कार्यक्रम में जिला और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक के अलावा विचार परिवार के साथ संवाद भी शामिल है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद विनोद तावड़े जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसमें संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद क्षेत्रीय स्तर की बैठक आयोजित होगी, जिसमें क्षेत्रीय पदाधिकारी, कार्यसमिति के सदस्य, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष और अवध क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे।
अपने अयोध्या प्रवास के दौरान विनोद तावड़े विचार परिवार के साथ भी बैठक करेंगे। इस संवाद के जरिए संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। उनके दौरे को पार्टी के जिला और क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारियों के बीच समन्वय तथा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े का अयोध्या प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इस दौरान जिला और क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित पदाधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।




















