ट्रैक और पॉइंट्स की जांच कर परखी सुरक्षा
डीडीयू जंक्शन के टीआरडी डिपो से यार्ड तक किया निरीक्षण, पार्किंग और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर दिया जोर
पीडीडीयू नगर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बुधवार को डीडीयू जंक्शन पर संरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टीआरडी विभाग के ओएचई एवं पीएसआई डिपो में उपलब्ध उपकरणों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही यार्ड में रेलवे ट्रैक, पॉइंट्स और क्रॉसिंग की जांच कर संबंधित अधिकारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने जीटीआर ब्रिज के पास यार्ड में पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग के स्ट्रेचर बार, फिटिंग्स और संचालन तंत्र की स्थिति परखी। उन्होंने ट्रैकमेन से बातचीत कर रेल, स्लीपर, फिटिंग्स और ट्रैक की नियमित जांच की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोपरि है और इससे जुड़े प्रत्येक पहलू पर पूरी सतर्कता बरती जानी चाहिए। साथ ही निर्धारित निरीक्षण प्रक्रिया का नियमित रूप से पालन करने पर जोर दिया।
जल निकासी और साफ-सफाई पर जोर
डीआरएम ने मुख्य आरआरआई भवन से जीटीआर ब्रिज तक के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यार्ड में जल निकासी की व्यवस्था देखी और संबंधित अधिकारियों को पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
पार्किंग कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने डीडीयू जंक्शन के गेट संख्या तीन के पास विकसित किए जा रहे पार्किंग क्षेत्र और वहां तक पहुंचने वाले रास्ते के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भूमि समतलीकरण समेत शेष कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। उनका उद्देश्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर पार्किंग की सुविधा आमजन को जल्द उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक सूरज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





















