तेलंगाना के खम्मम जिले की बेथुपल्ली झील में हादसा, तेज हवा और पानी के बहाव के कारण पलटीं नावें; मुख्यमंत्री ने बचाव अभियान तेज करने के दिए निर्देश
खम्मम (तेलंगाना)। तेलंगाना के खम्मम जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। सथुपल्ली मंडल स्थित बेथुपल्ली झील में मछुआरों को बचाने के लिए पहुंची राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की दो नावें अचानक पलट गईं। हादसे के बाद 10 कांस्टेबल लापता हो गए। उनकी तलाश में गोताखोरों और बचाव दलों को लगाया गया है। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बेथुपल्ली झील में पांच मछुआरों को बचाने के लिए एसडीआरएफ की टीम नावों से पहुंची थी। इसी दौरान तेज हवाओं और पानी के तेज बहाव के कारण दोनों नावें अचानक पलट गईं। हादसे के बाद 10 कांस्टेबल लापता हो गए। उनकी तलाश के लिए विशेष गोताखोरों और बचावकर्मियों की मदद ली जा रही है। प्रशासन की ओर से अभियान में तेजी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खम्मम के जिलाधिकारी को लापता एसडीआरएफ जवानों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को भी पूरे घटनाक्रम की नियमित समीक्षा करने और बचाव अभियान की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री लगातार कर रहे बचाव अभियान की निगरानी
राज्य के राजस्व, आवास एवं सूचना और जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने भी घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बेथुपल्ली झील में एसडीआरएफ की नावों के पलटने की घटना पर सरकार लगातार नजर रख रही है। मुख्यमंत्री पहले ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे चुके हैं।
मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से लापता जवानों की तलाश करने और राहत कार्यों में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने घटनास्थल पर पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और बचाव नौकाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। मंत्री के मुताबिक, वह जिलाधिकारी से लगातार संपर्क में हैं और बचाव अभियान की प्रगति की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर स्वयं स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों की निगरानी करने की बात कही है।
सरकार की प्राथमिकता लापता एसडीआरएफ जवानों को सुरक्षित बाहर निकालना है। फिलहाल झील में तलाशी अभियान जारी है।





















