मुसहर बस्ती में बच्चों के बीच पहुंचे भाजपा नेता
हमीदपुर में वनवासी परिवारों के साथ डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने साझा की त्योहार की खुशियां, सामाजिक समरसता और समानता का दिया संदेश
चंदौली। दीपावली की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की भावना के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के हमीदपुर स्थित मुसहर बस्ती में वनवासी परिवारों के बीच पहुंचकर त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाई और मिठाई के साथ पटाखे वितरित किए। बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
डॉ. पांडेय के बस्ती में पहुंचते ही बच्चों और परिवारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मिठाई और पटाखे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने परिवारों के बीच बैठकर उनका हालचाल जाना और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उनकी इस पहल से बस्ती के लोगों में भी खासा उत्साह रहा।
इस अवसर पर डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने कहा कि दीपावली केवल अपने परिवार के साथ खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सद्भाव, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता है। अपने परिवार के साथ तो हर कोई त्योहार मनाता है, लेकिन समाज के उन लोगों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना, जिन्हें छोटी-छोटी खुशियों का विशेष इंतजार रहता है, आत्मिक संतोष प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक खुशियों का प्रकाश पहुंचे। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी परिवार त्योहार के उल्लास से वंचित न रहे। समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और उनके सुख-दुख में सहभागी बनने से ही सामाजिक समरसता मजबूत होगी।
डॉ. पांडेय ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना केवल मानवीय संवेदना ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष गंगाराम साहनी, राजू इकबाल, सत्यानंद राय, रामकिशुन झा, अरविंद पटेल, शिवनाथ प्रजापति, राजाराम चौरसिया, संदीप पटेल, शिवपूजन डॉक्टर, राजू गोंड, शारदा मुसहर, दुर्गा पांडेय, चंद्रशेखर पटेल, बबलू सिंह, ग्राम प्रधान दिनेश सिंह, शेखर बिना और राजेश मौर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





















