पीएम पोषण योजना के तहत 14 सप्ताह तक चलेगा विशेष अभियान, नवंबर से फरवरी तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार होगा वितरण
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश
चंदौली। जिले के परिषदीय एवं अन्य आच्छादित विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए पीएम पोषण योजना के तहत विशेष पूरक पोषण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत जनपद के सभी 1267 विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को सूजी से तैयार मीठा हलवा और नमकीन उपमा वितरित किया जा रहा है। नवंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू हुए इस अभियान के तहत शुक्रवार को विद्यालयों में बच्चों को गरमा-गरम हलवा परोसा गया। पौष्टिक और स्वादिष्ट हलवा पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि निदेशक, मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित यह विशेष पोषण कार्यक्रम लगातार 14 सप्ताह तक चलेगा। नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के तीसरे सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में निर्धारित रोस्टर के अनुसार प्रथम और तृतीय सप्ताह में बच्चों को सूजी का मीठा हलवा, जबकि द्वितीय, चतुर्थ और पंचम सप्ताह में नमकीन उपमा दिया जाएगा। इसका उद्देश्य नियमित मध्याह्न भोजन के साथ बच्चों को अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने और उनके खानपान में विविधता लाना है।
बीएसए ने बताया कि कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध संचालन के लिए 14 और 30 अक्टूबर को जारी पत्रों के माध्यम से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्हें अपने-अपने विकासखंड के सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पोषण स्तर में सुधार के साथ विद्यालयों में उनकी उपस्थिति बढ़ाने तथा पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने में भी सहायक होगी। विभाग की ओर से गुणवत्तापूर्ण सामग्री और स्वच्छता का ध्यान रखते हुए बच्चों तक पोषण आहार पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।




















