डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत लगा विशेष कैंप, घर बैठे ऑनलाइन प्रमाण-पत्र जमा करने की दी गई जानकारी
पीडीडीयू नगर। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से विभिन्न स्टेशनों पर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को गया जंक्शन पर कैंप लगाया गया। इसमें पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की टीम ने 33 पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कराने में सहायता प्रदान की।
कैंप में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जनरेट करने की प्रक्रिया समझाई गई। उन्हें बताया गया कि वे डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल कर घर बैठे ही अपना जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर सकते हैं और उसे ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। रेलवे टीम ने पेंशनरों को इस सुविधा के प्रति जागरूक करते हुए डिजिटल माध्यम अपनाने के लिए प्रोत्साहित भी किया।
रेलवे की ओर से अभियान के तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ऐसे कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और पारिवारिक पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने तथा जमा करने के लिए अनावश्यक भागदौड़ और परेशानी न उठानी पड़े।





















