सर्राफा कारोबारियों और दुकानदारों से किया संवाद, सीसीटीवी व पुलिस पिकेट की जांच; यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
चंदौली। धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और अन्य अधिकारियों के साथ मुगलसराय थाना क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, पिकेट ड्यूटी और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता का निरीक्षण किया।
पैदल गश्त के दौरान डीआईजी ने सर्राफा कारोबारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि बाजारों में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में नियमित पैदल गश्त और प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के साथ व्यापारियों से लगातार समन्वय बनाए रखा जाए।
डीआईजी ने आगामी त्योहारों को देखते हुए यातायात प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की। इस दौरान बाजारों में पार्किंग व्यवस्था, वैकल्पिक मार्गों और वन-वे यातायात व्यवस्था की संभावनाओं का परीक्षण किया गया, ताकि त्योहारों पर खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पिछले दस वर्षों में दीपावली और भैया दूज के दौरान हुई लूट एवं डकैती की घटनाओं की भी समीक्षा की। सक्रिय अपराधियों पर सतर्क निगरानी रखने और उनके खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को बाजारों में लगातार भ्रमण करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।





















