डीआरएम उदय सिंह मीना ने स्टेशन का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; गया और पटना जाने वाले यात्रियों की संख्या के आधार पर चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
पीडीडीयू नगर। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर विशेष इंतजाम किए हैं। स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए गया और पटना की ओर अतिरिक्त पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की संख्या और उनके गंतव्य के आधार पर इनका परिचालन किया जाएगा। शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने जंक्शन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, ट्रेनों में भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्व के दौरान लगातार सक्रिय रहकर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने बिहार की ओर जाने वाली डाउन ट्रेनों में यात्रियों की स्थिति देखी। उन्होंने डाउन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, डाउन सब्जी मंडी-पटना स्पेशल और डाउन ब्रह्मपुत्र मेल सहित अन्य ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तथा प्लेटफार्मों पर आवागमन का जायजा लिया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
स्थानीय यात्रियों के लिए अलग से चलेगी पैसेंजर स्पेशल
स्थानीय यात्रियों को राहत देने के लिए पीडीडीयू जंक्शन से गया और पटना की ओर जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त पैसेंजर स्पेशल चलाई जाएंगी। इसके लिए प्लेटफार्मों पर यात्रियों की संख्या और उनके गंतव्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारी एवं कर्मचारी यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों की जानकारी ले रहे हैं। गया अथवा पटना की ओर जाने वाले यात्रियों की पर्याप्त संख्या होने पर स्थानीय स्तर पर त्वरित निर्णय लेकर अलग पैसेंजर स्पेशल का परिचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों में मुख्य रूप से अनारक्षित श्रेणी के स्थानीय यात्रियों को यात्रा का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे लंबी दूरी की नियमित और विशेष ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
सीसीटीवी से निगरानी, आरपीएफ की अतिरिक्त तैनाती
स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर यात्रियों की भीड़ की निगरानी सीसीटीवी कंट्रोल रूम से की जा रही है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित भ्रमण कर यात्रियों की संख्या, उनके गंतव्य और ट्रेनों की उपलब्धता की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए हैं। नियमित उद्घोषणा के माध्यम से विशेष ट्रेनों की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि यात्री अपनी जरूरत के अनुसार इनका लाभ उठा सकें। यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे ट्रेन के आगमन के अनुरूप ही प्लेटफार्म पर पहुंचें, जिससे अनावश्यक भीड़ और लंबे समय तक प्रतीक्षा की स्थिति से बचा जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तैनाती की गई है। ट्रेनों में सुरक्षित चढ़ने-उतरने, पायदान पर यात्रा नहीं करने और यात्रियों के व्यवस्थित आवागमन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वहीं, टिकट जांच कर्मियों को वैध टिकट के साथ यात्रा सुनिश्चित कराने और आरक्षित कोचों में निर्धारित आरक्षण व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल रेल प्रशासन ने पर्व के दौरान यात्रियों की संख्या, भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त यात्री सुविधाएं और परिचालन संबंधी इंतजाम करने की बात कही है।





















