अवैध तमंचा और बाइक बरामद
उन्नाव। उन्नाव पुलिस और एसडब्ल्यूएटी (SWAT) टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अतीक के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ लूट, चोरी, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट सहित 24 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाराबंकी-लखनऊ क्षेत्र से जुड़े एक अंतरजनपदीय गिरोह का सदस्य है। इस गिरोह का संबंध असलम टांडा से भी बताया गया है, जिसके खिलाफ भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (कट्टा), जिंदा व खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।







