गांव में मचा कोहराम
महराजगंज। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-25 मीराबाई नगर स्थित पोखरा टोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन और कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार गांव के निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद राजबीर किसी तरह बाहर निकलकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से तीनों किशोरों को पोखरे से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन और असुरक्षित जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बैरिकेडिंग कराने तथा चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।







