हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
बाराबंकी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान लोधेश्वर महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। दर्शन-पूजन का क्रम सुबह से देर शाम तक लगातार चलता रहा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालु “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ बाबा के दर्शन के लिए उत्साहपूर्वक पहुंचते रहे। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
मठ के रिसीवर हरिप्रसाद द्विवेदी एवं प्रभा शंकर शास्त्री के सानिध्य में गुरु पूजन के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
वहीं पहाड़ी बाबा कुटी में भोला सिंह एवं उनके सहयोगियों के नेतृत्व में सुंदरकांड का सस्वर पाठ आयोजित किया गया। पाठ की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा लोधेश्वर धाम शिवमय एवं भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन श्रद्धालुओं की गहरी आस्था, गुरु परंपरा के सम्मान और सनातन संस्कृति की जीवंत परंपरा का प्रतीक बना।







